Rohit Sharma को मुंबई इंडियंस में हो गए 12 साल, इस मौके पर कही भावुक बात

Rohit Sharma 12 Years with Mumbai Indians: रोहित शर्मा आईपीएल में मुंबई इंडियंस से पहले डेक्कन चार्जर्स हैदराबाद से खेले थे। हालांकि उनकी असली पहचान मुंबई में आने के बाद ही हुई थी। उनको कप्तान बनाया गया और कामयाबी भी मिली। इस टीम में आने के बाद रोहित शर्मा ने सफलता के शिखर को छू लिया। उन्होंने आज ही के दिन मुंबई इंडियंस को जॉइन किया था। मुंबई ने इसका जश्न मनाते हुए इन्स्टाग्राम पर एक पोस्ट भी शेयर की है। अहम बात यह है कि रोहित शर्मा को मुंबई इंडियंस से खेलते हुए 12 साल का लम्बा समय हो गया है।
रोहित शर्मा ने कही अहम बात: मुंबई इंडियंस के साथ सफर में अपने 12 साल पूरे होने पर रोहित शर्मा ने कहा कि भरोसा ही नहीं होता कि ऐसा हुआ है। मेरे लिए यह सफर भावुक और उत्साह वाला रहा है। टीम के साथ हमने काफी कुछ हासिल किया है। मुंबई इंडियंस मेरा परिवार है। मैं अपने साथी खिलाड़ियों, फैन्स और प्रबन्धन को धन्यवाद देना चाहता हूँ। हमारी पलटन कई और नई यादें बनाने के लिए उत्सुक है।
रोहित शर्मा ने बनाए हैं सबसे ज्यादा रन: मुंबई इंडियंस के लिए कई खिलाड़ी खेले हैं लेकिन रोहित शर्मा ही वह नाम है, जिसने इन 12 सालों में सबसे ज्यादा रन बनाए हैं। मुंबई के लिए रोहित शर्मा ने 182 मुकाबले खेलते हुए 4709 रन बनाए हैं। इस दौरान उन्होंने नाबाद 109 रनों का उच्च स्कोर बनाया है। मुंबई इंडियंस के लिए खेलते हुए रोहित शर्मा के बल्ले से कुल 32 अर्धशतक आए हैं। यह टैली और भी आगे जाएगी। इसके अलावा उन्होंने एक शतकीय पारी भी खेली है।
View this post on Instagram
रोहित के नाम पांच खिताबी जीत: रोहित शर्मा आईपीएल के एकमात्र कप्तान हैं जिनके नाम पांच खिताबी जीत हैं। उनके बाद चार बार महेंद्र सिंह धोनी ने सीएसके के लिए टाइटल जीता है। रोहित ने साल 2013 में पहली बार मुंबई के लिए टाइटल जीता था। इसके बाद यह सिलसिला बढ़ता चला गया। साल 2015, 2017 और 2019 के बाद मुंबई ने 2020 में भी खिताबी जीत दर्ज की। इस साल भी मुंबई इंडियंस से उम्मीदें काफी ज्यादा होंगी।